फतेहगंज पश्चिमी (बरेली)। गांव रसूला चौधरी में रंजिश की वजह से ट्रैक्टर से कुचलकर एक युवक की हत्या कर दी गई। वारदात के बाद दूसरे समुदाय का आरोपी फरार हो गया। दो समुदाय का मामला होने की वजह से गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की दो टीमें लगी हुई हैं।
बुधवार सुबह साढ़े दस बजे गांव निवासी 35 वर्षीय नन्हेलाल गांव के ही होरीलाल की परचून दुकान के सामने पड़ी बेंच पर बैठे थे। तभी गांव निवासी अलीमुद्दीन ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर आया। आरोप है कि उसने ट्रैक्टर से नन्हेलाल को टक्कर मार दी। इस कारण वह गिर पड़े और पहिये के नीचे सिर कुचलने से उनकी मौत हो गई। आरोपी ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया। नन्हेलाल के छोटे भाई महेंद्र पाल ने बताया अलीमुद्दीन खड़ंजे पर बहुत तेज ट्रैक्टर चलाता है। छह माह पहले नन्हेलाल ने रास्ते पर बच्चे घूमने का हवाला देकर अलीमुद्दीन से विरोध जताया था। तब दोनों के बीच झगड़ा हुआ था।
अलीमुद्दीन ने उस समय ग्रामीणों की मौजूदगी में नन्हेलाल को ट्रैक्टर से कुचलकर मारने की धमकी दी थी। उन्हें यकीन है कि इसी रंजिश की वजह से उसने भाई को ट्रैक्टर से कुचल दिया। महेंद्र पाल की तहरीर पर पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। मामला दो समुदाय के लोगों से जुड़ा होने के कारण तनाव बना हुआ है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस तैनात कर दी गई।
ट्रैक्टर की टक्कर से युवक की मौत हो गई थी। परिवार की तहरीर पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। आरोपी की तलाश में पुलिस की दो टीम लगा दी गई हैं, जल्दी ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - नितिन कुमार, सीओ हाईवे