मीरगंज। सोमवार की देर रात रामपुर से अपने गांव ठिरिया खुर्द लौट रहे बाइक सवार तीन लोगों को मीरगंज फ्लाईओवर पर पीछे से आ रही अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे तीनों गंभीर घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी मीरगंज भेजा, जहां हालत गंभीर होने पर तीनों को बरेली रेफर कर दिया गया। उससे पहले ही 40 वर्षीय अहिवरन ने दम तोड़ दिया।
24 वर्षीय नरवेश पुत्र बसन्तराम, अहबरन उर्फ बबलू पुत्र बसंतराम और 30 वर्षीय निवासी ठिरिया खुर्द ट्रैक्टर चलाने के लिए रामपुर मंडी में गए थे। वहां से काम करने के बाद एक ढाबा पर खाना खाकर बाइक से तीनों घर लौट रहे थे। तभी किसी अज्ञात वाहन ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी, जिसमें तीनों घायल हो गए। मीरगंज सीएचसी से ले जाते समय अहिवरन ने दम तोड़ दिया। अहिवरन के परिवार में पत्नी सरस्वती, एक बेटा सोहित एवं एक बेटी अंशी हैं। हादसे के बाद से परिवार में रोना पीटना मच गया है। सरस्वती की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। फिलहाल, दो घायलों का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां दोनों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। संवाद