भोजीपुरा। थाना क्षेत्र के गांव जनक जागीर निवासी ग्रामीण की गलत उपचार के कारण मौत हो गई। मृतक की पत्नी ने लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए झोलाछाप के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कराया है। जनक जागीर गांव निवासी रामादेवी ने बृहस्पतिवार को दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि नन्हे लाल को बवासीर की बीमारी थी। उन्होंने आठ अक्तूबर को धौराटांडा स्थित झोलाछाप अवधेश शर्मा से ऑपरेशन कराया। आरोप है कि 10 अक्तूबर को तबीयत बिगड़ने पर झोलाछाप ने संक्रमण बताकर उपचार से मना कर दिया। एक निजी अस्पताल में भर्ती नन्हे लाल की 28 अक्तूबर को मौत हो गई। पुलिस ने शिकायत पर पोस्टमाॅर्टम कराया। सीओ हाईवे देवेश सिंह ने बताया कि मामले में जांच जारी है। संवाद