बरेली। दरगाह ताजुश्शरिया के सज्जादानशीन मुफ्ती असजद रजा कादरी की सरपरस्ती में मदरसा जमीयतुर्रजा में तीन दिवसीय उर्स-ए-रजवी का आगाज सोमवार को हुआ। जमात रजा ए मुस्तफा के राष्ट्रीय महासचिव फरमान हसन खान ने बताया कि उर्स के दौरान मोतियाबिंद, पित्त की पथरी, हर्निया, हड्डी रोग और महिलाओं से संबंधित बीमारियों के मुफ्त ऑपरेशन कराए जाएंगे। इसका खर्च जमात रजा-ए-मुस्तफा और आला हजरत ताजुश्शरिया वेलफेयर सोसाइटी वहन करेगी। इसके अलावा, जरूरतमंद विद्यार्थियों को एडवांस्ड कंप्यूटर कोर्स भी मुफ्त में कराया जाएगा। फरमान मियां ने बताया कि संस्था का उद्देश्य बच्चों को शिक्षा के माध्यम से समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है, ताकि वे डॉक्टर, इंजीनियर और अन्य पेशेवर बनकर देश की सेवा कर सकें। इसका लाभ उठाने के लिए 17 से 21 अगस्त के बीच दरगाह ताजुश्शरिया स्थित जमात रजा-ए-मुस्तफा के मुख्य कार्यालय या किला स्थित आला हजरत ताजुश्शरिया वेलफेयर सोसाइटी के हेड ऑफिस में आधार कार्ड और फोटो के साथ पंजीकरण कराया जा सकता है। कंप्यूटर कोर्स के लिए जैन कंप्यूटर सेंटर में पंजीकरण होगा। संवाद