फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: पहली बरसात में ही तमाम हुए करोड़ों के काम

विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। करोड़ों रुपये के विकास कार्य पहली बरसात भी नहीं झेल सके। छह माह पहले 78 लाख रुपये से बनी सुभाषनगर पुलिया की सड़क पहली बरसात में ही बह गई। इसके अलावा, नाथ कॉरिडोर के तहत बना अलखनाथ मंदिर रोड और स्मार्ट सिटी के तहत श्यामगंज पुल के नीचे बनी सीसी सड़क भी पहली बरसात नहीं झेल सकी। इससे आने-जाने वाले लोग चोटिल हो रहे हैं। कई जगह मैनहोल, सड़क से काफी ऊंचे हो गए हैं और दुर्घटना की वजह बन रहे हैं।
विज्ञापन

सुभाषनगर पुलिया की उखड़ी सड़क के निर्माण के लिए तीन करोड़ रुपये बजट प्रस्तावित था। एक निजी होटल से सुभाषनगर पुलिया होते हुए तिलक कॉलोनी तक सीसी सड़क का निर्माण होना था। सड़क के किनारे नालों पर स्लैब भी डाले जाने थे, लेकिन महापौर ने बजट कम करवाकर 78 लाख रुपये करा दिया था। बीते वर्ष 18 से 25 दिसंबर तक आवागमन बंद करके सुभाषनगर पुलिया से कुछ ही दूरी तक सड़क डाली गई थी। आसपास की अन्य क्षतिग्रस्त सड़कों का निर्माण भी कराया गया था, लेकिन छह महीने में ही यह सड़क टूट गई है। पुलिया के ऊपर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं।
सड़क के किनारे नालों पर बनाई गई स्लैब भी टूट गई है। अन्य मामलों में गुणवत्तापूर्ण कार्य नहीं कराने के आरोप में संबंधित फर्म को ब्लैक लिस्ट किया जा चुका है। महापौर उमेश गौतम ने बताया कि जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी और टूटी सड़क दुरुस्त कराई जाएगी।
विज्ञापन



अलखनाथ मंदिर रोड भी हुआ बदहाल
नाथ कॉरिडोर के तहत कुछ महीने पहले ही अलखनाथ मंदिर रोड का भी निर्माण कराया गया है, लेकिन पहली बारिश में ही यह सड़क भी उधड़ने लगी है। यहां बजरी फैलने से वाहन फिसलने का खतरा रहता है। क्षेत्रवासियों के अनुसार यहां की सड़क पर मैनहोल ऊंचे बनाकर छोड़ दिए गए हैं। इससे दुर्घटनाएं होती रहती हैं। कई लोग रात में मैनहोल की चपेट में आ जाते हैं। इस सड़क के उधड़ने की जिम्मेदारी भी कोई लेने को तैयार नहीं है। दो विभागों के अधिकारी एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाल रहे हैं। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता नारायण सिंह का कहना है कि सड़क का कुछ हिस्सा जल निगम को बनाना था, जो कि नहीं बनाया गया। इसके कारण उनके विभाग द्वारा बनाई गई अधूरी सड़क उखड़ने लगी है। वहीं, जल निगम के सहायक अभियंता प्रवीण कुमार का कहना है कि उनके विभाग ने सड़क बनाई है। जलभराव होने के कारण एक पैचवर्क नहीं हुआ है। बारिश थमने पर उसे भी करा दिया जाएगा।


श्यामगंज पुल के नीचे की सीसी सड़क खराब
श्यामगंज पुल के नीचे विकास भवन की ओर जाने वाली सड़क सात माह पहले ही दुरुस्त कराई गई थी। अब यह भी खराब हो गई है। दरअसल, पुल पर लगे पाइपों से पानी सड़क पर गिर रहा है। इसी वजह से स्मार्ट सिटी के तहत लाखों रुपये खर्च करके बनाई गई सड़क में गड्ढे हो गए हैं। कई बार लोग चोटिल हो चुके हैं, जलभराव के कारण गड्ढे दिखाई भी नहीं देते हैं। नगर आयुक्त निधि गुप्ता वत्स के अनुसार अधिकारियों से रिपोर्ट तलब करके सड़क व पुल के पाइप दुरुस्त कराए जाएंगे। संवाद
हाल ही में अलखनाथ मंदिर वाली सड़क पर जल निगम ने सीवर लाइन डाली है। अभी यहां सड़क डाली गई तो धंस जाएगी। जब तक सड़क नहीं पड़ती, जल निगम के अधिकारियों से वहां गड्ढों को भरवाकर रास्ता ठीक कराने के लिए कहा गया है। - नारायण सिंह, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें