बरेली। नगर आयुक्त ने नेकपुर में नाली और सड़क निर्माण के कार्य को रुकवाकर गुणवत्ता की जांच के आदेश दिया है। जेई ने राजीव ट्रेडर्स फर्म के ठेकेदार को फटकार लगाते हुए बनाई गई नालियाें को उखाड़कर दोबारा बनाने के लिए कहा है।
भाजपा पंचायत प्रकोष्ठ के महानगर अध्यक्ष सतीश यादव ने नगर आयुक्त को शिकायती पत्र देकर बताया था कि नेकपुर यादव गली में नाली और सीसी सड़क का निर्माण मानक के अनुसार नहीं हो रहा है। घटिया निर्माण सामग्री लगाई जा रही है। ठेकेदार ने सड़क ऊंची करने के बजाय उखाड़कर नीची कर दी है। इस खबर को अमर उजाला ने प्रकाशित किया था।
इसका संज्ञान लेते हुए नगर आयुक्त निधि गुप्ता वत्स ने मंगलवार सुबह जेई वीना मौर्य को मौके पर भेजा। जेई ने ठेकेदार को तत्काल काम रोकने व बनाई गईं नालियों को उखाड़कर नई नाली बनाने के निर्देश दिए। जेई ने बताया कि नेकपुर में राजीव ट्रेडर्स ने बिना संज्ञान में लाए ही काम शुरू कर दिया था। अगर संज्ञान में लाकर काम शुरू करता तो गुणवत्ता पर सवाल नहीं उठते। संवाद