बीमारी के बावजूद हासिल किए 76.6 फीसदी अंक
बरेली। गंभीर रूप से बीमार होने के बावजूद बीबीएल पब्लिक स्कूल की छात्रा कौशिकी अग्रवाल ने 76.6 फीसदी अंक के साथ परीक्षा उत्तीर्ण कर यह साबित कर दिया है कि मजबूत हौसले के साथ किए गए प्रयास कभी असफल नहीं होते। कौशिकी प्रमस्तिष्क पक्षाघात यानी सेरेब्रल पाल्सी से पीड़ित हैं। असाध्य रोग होने के बाद भी उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। ऑप्टिक नर्व डैमेज होने से उनकी नजर भी कमजोर हो गई, लेकिन कुछ कर गुजरने का जुनून कम नहीं हुआ। पिता डॉ. संदीप अग्रवाल ने बताया कि कौशिकी की सफलता के पीछे उनकी मां भावना अग्रवाल हैं। उन्होंने ही उसकी तैयारी कराई। कौशिकी को परिवार का पूरा सहयोग मिला। स्कूल से मिले होमवर्क को परिवार के लोगों के सहयोग से देर रात तक पूरा करती थी। पढ़ाई के अलावा और किसी गतिविधि पर उसका ध्यान ही नहीं जाता। वह लिखती बहुत थी, बाद में उसे याद करना सिखाया। कौशिकी ने हिंदी में 89, इंग्लिश लैंग्वेज में 93, मैथमेटिक्स बेसिक में 60, साइंस में 56, सोशल साइंस में 85, कंप्यूटर लैंग्वेज में 96 अंक पाए हैं।