बरेली। राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता सिंह चौहान ने शुक्रवार को सर्किट हाउस में कहा कि महिला आरक्षण बिल से देश की आधी आबादी मजबूत और आत्मनिर्भर होगी। सात दशक से याचक की भूमिका में रहीं महिलाओं को अब उनके अधिकार मिल रहे हैं। उन्होंने इसे ऐतिहासिक व भावनात्मक बिल बताया। कहा कि पीएम मोदी ने वर्ष 2014 में शपथ लेते ही बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ को लेकर पहल की थी। यूपी सरकार भी मिशन शक्ति पर विशेष काम कर रही है। देश का दुर्भाग्य था कि लंबे समय तक महिलाओं को पीछे रखा गया। गाड़ी के दो पहिए हैं, महिला व पुरुष। इसमें समानता की आवश्यकता है। इस मौके पर भाजपा महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना, उपाध्यक्ष तृप्ति गुप्ता, महामंत्री विष्णु शर्मा, आदेश गंगवार आदि मौजूद रहे।