भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) कैंपस में बुधवार को हिमवीर वाइव्स एसोसिएशन (हावा) का स्थापना दिवस मनाया गया। चीफ पैट्रन रश्मि सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में कई रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। दीप प्रज्ज्वलन के बाद रश्मि सिंह ने कहा हावा ऐसा मंच है, जहां हिमवीर परिवार की महिलाएं अपनी समस्याएं प्रस्तुत कर सकती हैं। सामूहिक कल्याण के लिए सुझाव दे सकती हैं, जिसे क्रियाशील बनाने के लिए हम काम करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि सभी सदस्यों को मिलजुलकर रहना चाहिए और एक-दूसरे के नंबर भी रखने चाहिए क्योंकि हिमवीर जवान विभिन्न स्थानों पर ड्यूटी करते हैं। इस अवसर पर हावा की सदस्यों ने लोकगीत नृत्य, फैंसी ड्रेस प्रतियोगिताओं आदि में भी भाग लिया। आयोजन में बुखारा कैंपस स्थित आईटीबीपी तृतीय वाहिनी की हिमवीर परिवार की महिलाएं मौजूद रहीं।