थैली में मिले कपड़े और पासबुक
सूचना पर थानाध्यक्ष शाही अमित कुमार बालियान मौके पर पहुंचे और फॉरेंसिक टीम बुला ली। महिला लाल रंग का ब्लाउज व हल्के पीले रंग की छींटदार साड़ी पहने थी। उसके बाएं हाथ पर अनीता लिखा हुआ है। शव से कुछ दूरी पर एक थैली मिली, जिसमें उसके कुछ कपड़े, बैंक की पासबुक और एक आधार कार्ड मिला। इसमें अनीता देवी पत्नी सोमपाल निवासी हौसपुर थाना शेरगढ़ लिखा था। पुलिस पति सोमपाल को बुलाकर लाई तो उन्होंने शिनाख्त कर ली।
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि शाही क्षेत्र में महिला का शव मिला है। उसकी हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुराने मामलों से इसका जुड़ाव तो नहीं है, इसकी भी जांच कराई जाएगी।
नौ महिलाओं की एक ही तरीके से हुई थी हत्या
शाही व शीशगढ़ थाना क्षेत्र में पिछले साल सिलसिलेवार नौ महिलाओं की हत्या की गई थी। ये मामले पुलिस के लिए आज भी सिरदर्द बने हुए हैं। गांव लखीमपुर की महमूदन, कुल्छा की धानवती, सेवा ज्वालापुर की वीरावती, खजुरिया निवासी कुसुमा देवी, शाही के मुबारकपुर की शांति देवी, आनंदपुर की प्रेमवती, मीरगंज थाना क्षेत्र के गांव गूला की रेशमा व शाही के खरसैनी की दुलारी देवी की पांच महीने में जान चली गई थी।
अधिकतर महिलाओं के गले में फंदा कसा मिला था। कुछ के शव खराब हो चुके थे तो पुलिस विसरा रिपोर्ट के बहाने हत्या की बात खारिज कर दी। शुरू के एक मामले में परिजनों ने न तहरीर दी और न पोस्टमार्टम कराया। बाकी में कुछ हत्याओं का खुलासा किया गया। पर उनके सटीक होने पर भी संदेह है। तीन मामलों में खुलासे को लेकर पुलिस आज तक माथापच्ची कर रही है।