आंवला। आंवला-अलीगंज रोड पर फुलासी रेलवे फाटक के समीप बाइक फिसलने की वजह से महिला सड़क पर गिर गई। सामने से आ रहे ट्रक ने उन्हें चपेट में ले लिया। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक चला रहे पति को चोटें आई हैं।
रेवती गांव निवासी शहीदन (46) का मायका अलीगंज क्षेत्र के एक गांव में है। उनके मायके में मकान का निर्माण चल रहा है। मायके वालों ने लिंटर डालने से पहले नियाज के लिए उन्हें बुलाया था। शनिवार को पति इसरार के साथ शहीदन बाइक पर बैठकर मायके जा रही थीं। फुलासी रेलवे फाटक के समीप बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। सामने से आ रहे ट्रक ने शहीदन और उनके पति को चपेट में ले लिया।
पहिये के नीचे आने की वजह से शहीदन की मौके पर ही मौत हो गई। इसरार को भी चोटें आईं। एक निजी चिकित्सक के क्लीनिक पर ले जाकर उनका प्राथमिक उपचार कराया गया। इसरार ने बताया कि वह दिल्ली में रहकर राजमिस्त्री का काम करते हैं। बीते दिनों ही वह गांव आए थे। उनके परिवार में पांच बच्चे हैं।