बरेली। सप्ताहभर से चटक धूप का आनंद ले रहे लोग अब भीगने के लिए तैयार रहें। मौसम विभाग ने अब सप्ताहभर तक बादल छाने और अनुकूल माहौल बनने पर हल्की, तेज बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। इससे तापमान लुढ़कने, ठंड बढ़ने के आसार हैं।
रविवार को शहरवासियों की सुबह हल्के कोहरे के साथ हुई। सुबह 10 बजे से धूप निकली। दिनभर चटक धूप से अधिकतम तापमान में एक डिग्री बढ़त हुई और करीब दो माह बाद यह सामान्य स्तर पर 23.9 डिग्री दर्ज हुआ। वहीं, न्यूनतम पारा भी एक डिग्री चढ़ा और सामान्य से दो डिग्री कम 8.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विशेषज्ञ रवि अग्रवाल के मुताबिक हवा की दिशा पश्चिम उत्तर पश्चिम होने से अब बादल घिरेंगे। निम्न वायुदाब का क्षेत्र बनने पर हल्की, तेज बारिश के भी आसार हैं।