बरेली। भारी बारिश और तेज जलप्रवाह से ढकिया रेगुलेटर क्षतिग्रस्त हुआ था। मरम्मत हो चुकी है पर नवनिर्माण होने तक प्रतिवर्ष यही स्थिति रहेगी। भविष्य में फिर स्थिति बिगड़ सकती है। जिलाधिकारी ने इस प्रकरण पर सिंचाई विभाग के एक्सईएन से बीते चार साल की रिपोर्ट मांगी है।
उन्होंने किस वर्ष कितना बजट लगा और क्या कार्य हुए? सभी जानकारी तलब की है। वहीं, जनप्रतिनिधियों ने देवहा नदी की धार बदलने से कटाव होने की समस्या साझा की। जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को सप्ताहभर में निरीक्षण कर शासन को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। अखा गांव में भी बंधा कटने की समस्या उठी, जिसे दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए। यह दिशानिर्देश बुधवार को विकास भवन सभागार में आयोजित जिला प्रशासन व विभागीय अधिकारियों की समन्वय बैठक के दौरान जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने दिए। जर्जर सड़कों की समीक्षा के दौरान एक्सईएन पीडब्ल्यूडी ने जनप्रतिनिधियों के सुझाव पर प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने की जानकारी दी।
तालाबों से अवैध कब्जे हटवाने के दिए निर्देश
बैठक में विधायकों ने क्षेत्र के कई तालाबों पर अवैध कब्जे की बात कही। जिलाधिकारी ने इन्हें हटवाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। इस दौरान एमएलसी कुंवर महाराज सिंह, मेयर उमेश गौतम, विधायक डॉ. डीसी वर्मा, डॉ. राघवेन्द्र शर्मा, प्रो. श्याम बिहारी लाल, डॉ. एमपी आर्य, एसएसपी अनुराग आर्य, सीडीओ जग प्रवेश, नगर आयुक्त निधि गुप्ता वत्स समेत अन्य अफसर मौजूद रहे।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी होंगे सम्मानित
बरेली। काकोरी ट्रेन एक्शन शताब्दी महोत्सव और घर-घर तिरंगा अभियान की रूपरेखा तैयार करने के लिए बुधवार को जिलाधिकारी रविंद्र कुमार की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में बैठक हुई। जिला ग्रामोद्योग विभाग को दो हजार खादी के झंडे तैयार करने के निर्देश दिए गए।
शासनादेश के निर्देशानुसार आठ अगस्त को कंपनी गार्डन में रक्तदान शिविर, खान बहादुर खान की समाधि पर दीप प्रज्ज्वलन, सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। नौ अगस्त को प्रभात फेरी निकाली जाएगी। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी सम्मानित होंगे। अमृत सरोवरों पर पौधरोपण होगा। स्कूल, कॉलेजों में प्रतियोगिताएं होंगी। शहीद समाधि स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलेगा। सरकारी, गैर सरकारी इमारतों सहित प्रत्येक घर पर तिरंगा लगाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। ब्यूरो