देवरनियां। नगर पंचायत देवरनियां में पहली ही बारिश ने नगर पंचायत प्रशासन की असलियत सामने ला दी है। जलभराव के साथ गंदगी सामने आने से नगरवासी खासे परेशान दिखे।
नगर पंचायत में कस्बा देवरनियां, मुंडिया जागीर के अलावा सेमीखेड़ा और गुलाबनगर भी शामिल हैं। बरसात से पहले चोंक हो चुके नाले- नालियों की सफाई नहीं की गई, जिससे बुधवार रात हुई पहली बरसात में ही देवरनियां से मुंडिया जागीर बाइपास राम जानकी मंदिर पर जाने वाले रोड पर पानी भरने से राहगीरों को परेशानी हुई। इसके अलावा वार्ड एक में गंदगी के ढेर सड़कों पर लगे हुए हैं।
किसान नेता और पूर्व चेयरमैन प्रत्याशी मुस्तफा खां उर्फ लल्ला समेत तमाम नगरवासियों का कहना है कि अगर समय रहते नगर के चोंक नाले और नालियों की सफाई करा ली जाती, तो बरसात में दिक्कत नगरवासियों को न झेलना पड़ती।
इधर, नगर पंचायत चेयरमैन मोहम्मद कलीम अंसारी और उनके प्रतिनिधि मोहम्मद अंजीम उर्फ टिटू का कहना है कि नाले-नालियों की सफाई कराई गई थी, जिन जगह पर जलभराव है, वहां गड्ढे हैं। सफाई के लिए कर्मचारियों को कसा जाएगा। संवाद