बरेली। बरसात से पहले ही नगर निगम के दावों की पोल खुल गई है। पॉश इलाके राजेंद्रनगर समेत हजियापुर व साहू गोपीनाथ रोड पर जलभराव हो गया है। शनिवार को राजेंद्रनगर में भारत माता मंदिर मार्ग पर अचानक पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। कुछ ही देर में लाखों लीटर पानी सड़क पर भर गया। जलकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर पाइप लाइन की मरम्मत की।
वहीं, साहू गोपीनाथ व हजियापुर खूजर वाली मस्जिद के पास नाले-नालियां चोक होने के कारण सड़कों पर कीचड़ और गंदा पानी भर रहा है। इससे राहगीरों को काफी परेशानी हो रही है। क्षेत्रवासियों के मुताबिक नालों की सफाई नहीं होने से यह परेशानी आ रही है। नगर निगम के अधिकारियों से शिकायत भी की गई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
बरसात में क्या होगा हाल?नगर निगम की लापरवाही की वजह से नालों की साफ सफाई के टेंडर काफी देर से हुए। अफसर 20 जून सेे पहले नालों की सफाई का दावा कर रहे हैं, लेकिन इसकी उम्मीद कम ही है। ऐसे में बरसात के दौरान शहर का क्या हाल होगा? इसका अनुमान आसानी से लगाया जा सकता है। संवाद
जलभराव और नाले चोक होने की शिकायतें मिल रही हैं। संबंधित अधिकारियों को जल्द निस्तारण के आदेश दिए गए हैं। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। - निधि गुप्ता वत्स, नगर आयुक्त