हाफिजगज/रिठौरा। थाना हाफिजगंज के गांव लभेड़ा में एक चौकीदार का शव खेत में लगे यूकेलिप्टस के पेड़ पर लटका मिला। फिलहाल, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। हालांकि परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस जांच-पड़ताल कर रही है।
थाना क्षेत्र के गांव औरंगाबाद का 55 वर्षीय तोताराम ठेकेदार के साथ एक निजी काॅलेज की बन रही चहारदीवारी में खुले पड़े सामान की देखरेख का काम करता था। रविवार सुबह गांव लभेड़ा उर्फ बुलंदनगर के किसान सिराजुद्दीन के खेत में तोरई की फसल के चारों ओर लगे यूकेलिप्टस के पेड़ पर उसका शव लटका मिला। सूचना पर थानाध्यक्ष जगत सिंह मय फोर्स के साथ पहुंचकर पूछताछ की। फॉरेंसिक टीम ने भी पहुंचकर साक्ष्य एकत्रित किए।
इस दौरान तोताराम के तीन बेटे, पांच बेटियां व अन्य परिजन पहुंच कर विलाप कर रहे थे। बेटे सुरेश ने बताया कि उसकी गांव में किसी से कोई रंजिश नहीं है। परिस्थितियों को देखते हुए हत्या की आशंका लग रही है। हालांकि खबर लिखे जाने तक मामले की लिखित शिकायत पुलिस से नहीं की गई है। संवाद