बरेली। रामपुर रोड स्थित दरगाह पर चल रहे उर्स-ए-निजामी के दूसरे दिन बृहस्पतिवार को हजरत गौस अली शाह जलाली उर्फ कोड़ा शाह बाबा के कुल की रस्म अदा की गई। इसमें अकीदतमंदों ने अर्जियां बांधकर मन्नत-ओ-मुराद मांगी। सुबह कुरान की तिलावत के बाद सलातो सलाम का नजराना मोहम्मद सलीम रजा ने पेश किया। दिन भर दरगाह पर चादर व गुलपोशी का सिलसिला चलता रहा। शाम को महफिल में फनकार तस्लीम नियाजी ने रंग शरीफ का नजराना पेश किया। खानकाह निजामिया के सज्जादानशीन शाह पाशा मियां निजामी ने कुल शरीफ की फातिहा पढ़ी और देश की तरक्की के लिए दुआ की। उन्होंने अपने बड़े बेटे खुसरो निजामी की दस्तारबंदी भी की। मीडिया प्रभारी वसी अहमद वारसी ने बताया कि शुक्रवार को मुरीदों को तबर्रुकात की जियारत सुबह 10 बजे कराई जाएगी। उर्स में अकरम वारसी, शन्नो परवीन, गामा वारसी, वसीम वारसी, शाजेब अली खां, रिजवान नियाजी, शादाब कुरैशी, इब्राहिम निजामी मौजूद रहे।