फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: बारिश के बाद चपेट में ले रहा वायरल बुखार, दोगुनी हुई तादाद

Mon, 15 Jul 2024 04:35 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। मानसूनी बारिश से अब वायरल बीमारियों की चपेट में लोग आ रहे हैं। रविवार को स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित आरोग्य मेले में वायरल बुखार की चपेट में रहे 546 मरीज इलाज के लिए पहुंचे। संदिग्ध लक्षण वाले 186 मरीजों की मलेरिया, डेंगू जांच कराई गई। रिपोर्ट निगेटिव थी।
विज्ञापन

चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनुराग गौतम के मुताबिक, बारिश के दौरान जरा सी अनदेखी सेहत पर भारी पड़ती है, क्योंकि बैक्टीरिया और वायरस के पनपने के लिए यह अनुकूल माहौल होता है। बुखार, पेट में इंफेक्शन, उल्टी, फंगस, आंखों में लालिमा सहित त्वचा संबंधी रोग बढ़ जाते हैं। बताया कि त्वचा रोगियों का इलाज लंबा चलता है। इसलिए मेले में पिछले सप्ताह के मुताबिक त्वचा संबंधी रोगों के 48 नए मरीज पहुंचने से तादाद 610 रही। रविवार को आरोग्य मेले में करीब 38 सौ मरीजों का इलाज हुआ। स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य शिविर भी लगाए गए।

ध्यान दें.. प्रत्येक बुखार मलेरिया, डेंगू नहीं होता
आरोग्य मेले में संदिग्ध लक्षण वाले मरीजों की रैपिड डायग्नोसिस टेस्ट किट से मलेरिया संबंधी जांच की गई। सभी रिपोर्ट निगेटिव मिली। वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. राहुल बाजपेई के मुताबिक बारिश में मच्छरों का प्रकोप बढ़ता है। लिहाजा, बुखार के साथ अन्य दिक्कत होने पर पहला संदेह डेंगू या मलेरिया पर होता है, पर बगैर जांच इसकी पुष्टि नहीं होती। लिहाजा, विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श के बाद दवा का सेवन करें।
विज्ञापन


उल्टी, दस्त की चपेट में रहे 588 बच्चे, दी दवाएं
डॉ. गौतम के मुताबिक बारिश में बच्चे पेट संबंधी रोगों के चपेट में आ रहे हैं। साथ ही उल्टी, दस्त की भी शिकायत रही। बताया कि पेट संबंधी रोगों की वजह ज्यादातर मामलों में बासी भोजन और दूषित पानी का सेवन है। दूध भी जल्द खराब हो जाता है। लिहाजा, समय-समय उसे गर्म करना जरूरी होता है। अभिभावकों को बच्चों की दवा के साथ उन्हें रोगों से बचाव का उपाय और ओआरएस पिलाते रहने का सुझाव दिया।

फोटो
डॉक्टर छुट्टी पर फार्मासिस्ट ने मरीजों को देखा
सुभाष नगर स्थित नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित मेले में फार्मासिस्ट सोबरन सिंह ने मरीजों को दवाएं दीं। बताया कि केंद्र प्रभारी डॉ. अंजली सिंह का स्वास्थ्य ठीक न होने से कुछ दिनों से वह छुट्टी पर हैं। किसी अन्य चिकित्सक को प्रभार न मिलने से उन्हें ही मरीजों को देखना पड़ रहा है। दोपहर डेढ़ बजे तक 46 मरीज इलाज के लिए पहुंचे थे। इसमें वायरल बुखार, सर्दी, खांसी और त्वचा रोगों के मरीज ज्यादा रहे।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें