भुता। थाना क्षेत्र के गांव नवादा ब्रह्मान में तीन दिन से बिजली की भारी कटौती जारी है। इससे ग्रामीणों में बिजली निगम के खिलाफ आक्रोश है। ग्रामीणों ने अब सोशल मीडिया पर शिकायत की है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में दिन में कई बार बिजली कटौती होती है। दिन में बिजली की सप्लाई गांव में मात्र दो से तीन घंटे ही दी जा रही है। अधिक तापमान के कारण ग्रामीणों को गर्मी में परेशानी हो रही है।
बिजली विभाग की मनमानी के कारण किसान अपने नलकूपों से गन्ने की सिंचाई भी नहीं कर पा रहे हैं। ग्रामवासियों ने इसकी शिकायत विद्युत केंद्र पर की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। ग्रामीणों का कहना है कि अगर व्यवस्था दो दिन में ठीक नहीं हुई तो वे किसान उपभोक्ता विद्युत उपकेंद्र का घेराव करेंगे। इधर, ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए युवा समाज सेवा के संस्थापक अजय पटेल ने इसकी शिकायत एक्स पर मुख्यमंत्री से की है। संवाद
ट्रांसफार्मर में लगी आग, जनहानि होने से बची
अलीगंज। राजपुर कलां गांव में ओवरलोडिंग के कारण ढाई सौ केवीए के ट्रांसफार्मर में आग लग गई। इसके कारण गांव के लगभग ढाई सौ घरों की बिजली आपूर्ति ठप हो जाने से उपभोक्ताओं को भीषण गर्मी में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
गांव के ही रमेश चंद गुप्ता, प्रवीन कुमार सक्सेना, राहुल यादव, दुर्ग विजय सिंह, अखिल सक्सेना, मोहित कुमार आदि ने बताया कि गांव में रखा ढाई सौ केवीए का बिजली ट्रांसफार्मर लंबे समय से खराब हालत में था। अक्सर तेल रिसाव के कारण ट्रांसफार्मर अत्यधिक लोडिंग के कारण जल उठता था। ग्रामीण मिट्टी डालकर आग बुझा दिया करते थे। रविवार दोपहर फिर यह ट्रांसफार्मर अचानक जल उठा। हालांकि लोगों ने मिट्टी आदि डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण असफल रहे और ट्रांसफार्मर पूर्णतया: जलकर राख हो गया। संवाद
करनपुर फीडर में लगी आग, छह घंटे सप्लाई बाधित
मीरगंज। क्षेत्र के करनपुर फीडर में बिजली लाइन जोड़ते समय आग लग गई, जिससे ड्यूटी कर रहे कर्मचारी शिशुपाल यादव को जोरदार करंट लग गया। हालांकि हादसा होने से बच गया। इससे छह घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। अवर अभियंता सोमप्रकाश ने शाम साढ़े सात बजे आपूर्ति चालू कराई। संवाद