फतेहगंज पश्चिमी। गांव मड़ौली में एक ग्रामीण की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। इसी दौरान किसी ने पुलिस को युवक की हत्या की सूचना दे दी। गांव पहुंची पुलिस ने युवक के परिजनों से बात की। इस पर परिजनों ने हत्या की बात से इन्कार करते हुए अधिक शराब पीने से मौत की बात लिखकर दी और पोस्टमाॅर्टम कराने से मना कर दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक कुमार ने बताया कि उन्हें बृहस्पतिवार दोपहर को किसी ने गांव मड़ौली निवासी तन्ने (45) की हत्या की सूचना दी। इस पर वह गांव पहुंचे और तन्ने की पत्नी रामकली और बेटे नोनीराम से पूछताछ की। इस पर बेटे ने बताया कि उसके पिता शराब पीने के आदी थे। वह दिवाली से लगातार शराब पी रहे थे। इस कारण बृहस्पतिवार सुबह उनकी मौत हो गई। थाना प्रभारी ने बताया कि जांच-पड़ताल में हत्या का कोई साक्ष्य नहीं मिला। संवाद