भुता। ग्राम जीही में पिछले 10 दिनों पहले जमीन विवाद को लेकर एक ग्रामीण को गांव के ही दबंगों ने लाठी-डंडों से पीट कर घायल कर दिया। घायल ने अब बुधवार देर रात उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
ग्राम जीही निवासी कन्हैया लाल के मकान के पीछे जमीन पड़ी हुई है। मृतक के बेटे इंद्रपाल का आरोप है कि गांव के ही कुछ लोग उनकी दो फुट जमीन पर ज्यादा कब्जा करना चाहते थे। पिता कन्हैयालाल ने विरोध किया। तभी चारों आरोपियों ने मिलकर पिता कन्हैया लाल (50) वर्षीय को लाठी-डंडों से पीट कर घायल कर दिया। बीच बचाव में कराने आईं पत्नी गीता व दिव्यांग बहन सावित्री के साथ भी गाली-गलौज कर मारपीट की गई। शोर मचाने पर ग्रामीण भी आ गए ,जिन्होंने जैसे तैसे बचाया।
बाद में हमलावर धमकी देते हुए चले गए। घायल के बेटे इंद्रपाल ने थाने में तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। घायल के पिता की मौत के बाद परिजनों ने हंगामा किया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना अध्यक्ष सतीश कुमार का कहना है कि रिपोर्ट के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी। संवाद