बरेली। बिशारतगंज में हुए छात्र विजय साहू की हत्या के मामले में पुलिस पर आरोप लगाकर पीड़ित परिवार व कस्बे के लोग एसएसपी से मिलने आए। पता लगा कि दोपहर में ही मुख्य आरोपी मीत गोस्वामी न्यायालय में सरेंडर कर जेल चला गया। पुलिस अब उसको रिमांड पर लेने की बात कह रही है।
साहू-राठौर महासभा का एक शिष्टमंडल मृतक विजय साहू के परिजनों के साथ शनिवार को पुलिस अधिकारियों से मिला। इन लोगों ने हत्यारोपियों के परिजनों पर समझौता के लिए दबाव बनाने, जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। मृतक के परिजनों ने थाना पुलिस पर आरोपी मीत गोस्वामी के परिवार से सांठगांठ का आरोप लगाया। कहा कि पुलिस जान बूझकर गिरफ्तारी नहीं कर रही है। केवल सह आरोपी अरुण को जेल भेजा गया है।
अफसरों ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। बाद में पता लगा कि मीत गोस्वामी कोर्ट में आत्मसमर्पण कर चुका है। कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया। बता दें कि 10 मार्च की रात बिशारतगंज के मोहल्ला लोहिया नगर निवासी विजय साहू की 500 रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी। अफसरों से मिलने वाले शिष्टमंडल में राजवीर राठौर रामरतन साहू, कुमार सेन साहू ,कैलाश साहू ,रेवाराम राठौर, विजय राठौर, पप्पू साहू, राकेश साहू रंजीत कश्यप कृष्णा साहू के साथ मृतक विजय साहू के परिजन शामिल रहे।