नवाबगंज। बेटी के साथ अभद्रता और घर में घुसकर मारपीट के मामले में पीड़ित को अब तक न्याय नहीं मिला है। इससे गुस्साए परिजनों ने भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं के साथ नगर के डॉ. बीआर आंबेडकर पार्क में प्रदर्शन किया। बाद में सीओ और तहसीलदार को शिकायती पत्र सौंप कर आरोपियों पर जानलेवा हमले की धारा बढ़ाने सहित अनेक मांगों को रखा है।
6 जून को थाना हाफिजगंज के एक गांव निवासी व्यक्ति की बेटी के साथ गांव के दबंगों ने अभद्रता कर दी थी, जिसका पीड़ित ने विरोध किया। इसके बाद दबंगों ने घर में घुसकर पीड़ित को मारपीट कर गंभीर घायल कर दिया था। परिजनाें ने घायल को गंभीर हालत में महानगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ थाना हाफिजगंज में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।
इस मामले में सीओ को ज्ञापन देने के बाद भीम आर्मी के सदस्य तहसील पहुंचे, जहां एसडीएम मल्लिका नैन की गैर-मौजदूगी में तहसीलदार आर्चि गुप्ता को ज्ञापन सौंपकर कई मांगों को रखा, जिसमें पीड़ित का अच्छे अस्पताल में उपचार कराने, आरोपियों पर जानलेवा हमला करने की धारा लगाने, पांच लाख रुपये मुआवजा दिलाने सहित अनेक मांग थे।
ज्ञापन देने वालों में भीम आर्मी के तहसील संयोजक सुरजीत गौतम, रूप किशोर, गया प्रसाद, शेर सिंह, गौरव सागर, छत्रपाल आदि लोग मौजूद रहे। संवाद