बरेली। ऑटोलिफ्टर और कबाड़ियों के गठजोड़ से वाहन चोरी बढ़ रही है। शहर में कई हिस्से वाहनों का कमेला बनते जा रहे हैं। चोरी के अधिकांश वाहनों को किला, इज्जतनगर, सीबीगंज और बहेड़ी क्षेत्र में काटा जा रहा है। इस गठजोड़ को तोड़ने में पुलिस का तंत्र फेल साबित हो रहा है। कार्रवाई बेअसर साबित हो रही है।
चार दिन पहले किला पुलिस ने चोरी की कार कबाड़ी को बेचने जा रहे हुसैन बाग निवासी अमान को पकड़ा था। अमान के इनपुट पर पुलिस ने वाहन से टायर चोरी करते यूसुफ व शहजिल को पकड़ा। अमान के गिरोह में सक्रिय सदस्य बदायूं के बिनावर थाने के गांव फरीदपुर निवासी आरिफ और बाकरगंज किला निवासी जावेद व राधे हैं। ये चोरी की कार से उतरकर भाग गए। पुलिस इन सभी की तलाश कर रही है। वहीं, सूत्र बताते हैं कि एसओजी ने भी कई वाहन चोरों को माल समेत पकड़ा है, इनसे पूछताछ कर बड़े खुलासे की तैयारी की जा रही है।
इस वर्ष की शुरुआत में एसटीएफ ने इज्जतनगर क्षेत्र से सितारगंज के अंतरराज्यीय वाहन चोर गुड्डू वारसी गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया था। इनसे चोरी के चार ट्रक बरामद किए थे। ये लोग पुराना शहर के एक कबाड़ी को ट्रक बेचने आए थे। इसी इनपुट से बाद में इज्जतनगर पुलिस ने मैकेनिक, कबाड़ी और वाहन चोर गिरोह का खुलासा किया था। पुलिस ने परतापुर चौधरी के कैफ को गिरफ्तार कर चोरी के तीन वाहनों के इंजन बरामद किए थे। परतापुर चौधरी निवासी कैफ, कटघर के गुलफाम और बहेड़ी के गैराज संचालक समीर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। पुलिस के मुताबिक ये लोग चोरी के वाहनों को काटकर उनके पुर्जे दूसरे राज्यों के तस्करों को बेच देते थे। कई महीने पहले हुई इस कार्रवाई के बाद भी शहर में वाहन चोरों और कबाड़ियों के गठजोड़ से चल रहा धंधा नहीं रुका।
किला पुल से परसाखेड़ा तक कई गैराज और कबाड़ियों की दुकानें हैं। यही नहीं मिनी बाइपास टी प्वाइंट से लेकर इज्जतनगर रेलवे स्टेशन तक भी कई मैकेनिकों की दुकानें और गैराज हैं। इन्हीं में से कुछ धंधेबाज चोरों के साथ मिलकर वाहन काट रहे हैं और उनके पुर्जे मोटे दाम पर बेच रहे हैं। इज्जतनगर पुलिस ने पिछले दिनों कटघर के जिस कबाड़ी गुलफाम पर चोरी के पुर्जे बेचने का मुकदमा दर्ज किया था, उसकी दुकान भी किला पुल के ठीक नीचे हैं। मिनी बाईपास पर भी कुछ गैराज में दूसरे जिलों और राज्यों से चोरी के वाहनों को लाकर काटा जा रहा है। कार और मालवाहक वाहनों के पुर्जे बेचे जा रहे हैं। वहीं बाइकों को भी काटकर ठिकाने लगाया जा रहा है। इसलिए शहर के साथ ही आसपास के जिलों और राज्यों में भी वाहन चोरी की घटनाएं बढ़ गई हैं। उत्तराखंड से चोरी की बाइकें लाकर भी शहर में खपाई जा रही हैं।
पुलिस लगातार वाहन चोरों और अनधिकृत रूप से चोरी के वाहन काटने वालों पर कार्रवाई कर रही है। ऐसे गिरोहों को भी सूचीबद्ध किया जा रहा है। कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। - सुशील घुले, एसएसपी