बरेली। वंदे भारत एक्सप्रेस मंगलवार अपराह्न 2:24 बजे जंक्शन पहुंची तो ढोल-नगाड़ों से उसका स्वागत किया गया। प्लेटफाॅर्म पर काफी भीड़ रही। सभी सेमी हाईस्पीड ट्रेन का दीदार करने के लिए बेकरार दिखे। बरेली से कोच नंबर सी-5 में 180 से ज्यादा अतिथि यात्री सवार हुए। पहले दिन ट्रेन बरेली में भले ही 24 मिनट देरी से आई पर लखनऊ में निर्धारित समय से 11 मिनट पहले शाम 5:29 बजे ही पहुंच गई। फिलहाल, ट्रेन के नियमित संचालन को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।
देहरादून-लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन मंगलवार को 02477 अस्थायी नंबर से किया गया। आठ कोच की ट्रेन देहरादून से चलने के बाद सात मिनट देरी से दोपहर 12:12 बजे मुरादाबाद पहुंची। वहां ठहराव के बाद लोको पायलट सुशील कुमार और नेतराम ने ट्रेन की कमान संभाली। बरेली जंक्शन के प्लेटफाॅर्म नंबर एक पर ट्रेन के स्वागत के लिए मंच बनाया गया था। सांसद संतोष गंगवार, महापौर उमेश गौतम, विधायक संजीव अग्रवाल, डॉ. राघवेंद्र शर्मा, स्टेशन अधीक्षक भानु प्रताप सिंह, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक राकेश सिंह ने ट्रेन का स्वागत किया।
इस ट्रेन के नियमित संचालन में अभी चार-पांच दिन का समय लग सकता है। देहरादून-लखनऊ के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस का 590 किमी का ट्रायल रन पूरी तरह से सफल होने की बात कही गई है। परिवर्तित समयसारणी, ट्रेन का स्थायी नंबर और संचालन के दिनों की घोषणा अगले तीन-चार दिनों में की जाएगी।