बरेली। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से शनिवार को कलक्ट्रेट सभागार में यूपी बोर्ड के मेधावियों को सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी और जनप्रतिनिधियों ने होनहारों को प्रशस्तिपत्र, टैबलेट और मेडल प्रदान किया। आगे भी परिश्रम करने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री की ओर से मेधावियों को सम्मानित करने के कार्यक्रम के सजीव प्रसारण से हुई। जिला विद्यालय निरीक्षक देवकी सिंह ने अतिथियों से मेधावियों का परिचय कराया। उन्होंने राज्य स्तर पर स्थान हासिल करने वाली रिया गंगवार, वंशिका, प्रतिभा गंगवार, रश्मि गंगवार व जिला स्तर के मेधावियों को जिले का गौरव बताया।
वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार, सांसद छत्रपाल गंगवार, एमएलसी कुंवर महाराज सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, विधायक संजीव अग्रवाल, डॉ. राघवेंद्र शर्मा, डीसी वर्मा व जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने मेधावियों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि 10वीं और 12वीं में आए विद्यार्थियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करेंगे। आखिरी में मेधावियों ने जनप्रतिनिधियों और जिलाधिकारी के साथ सेल्फी भी ली। कार्यक्रम में अभिभावक भी मौजूद रहे। सांसद छत्रपाल गंगवार ने कहा कि मेधावियों ने शिक्षकों, अभिभावकों व शहर का नाम रोशन किया है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में इनका महत्वपूर्ण योगदान रहेगा।
राज्य स्तर पर चमके ये मेधावी
इंटरमीडिएट की रिया गंगवार ने 96.40 प्रतिशत अंकों के साथ राज्य स्तर पर आठवां, वंशिका ने 96.20 प्रतिशत अंकों के साथ नौवां व प्रतिभा गंगवार ने 96 प्रतिशत अंकों के साथ 10वां स्थान हासिल किया है। हाईस्कूल में राज्य स्तर पर रश्मि गंगवार ने 97.50 प्रतिशत अंकों के साथ छठवां स्थान प्राप्त किया है। इन मेधावियों को एक-एक लाख रुपयक्केका चेक, प्रशस्तिपत्र, मेडल व टैबलेट प्रदान किए गए।
इन मेधावियों को मिला सम्मान
इंटरमीडिएट के मेधावियों में रूबी गंगवार, साक्षी प्रजापति, शिवम, विवेक कुमार गंगवार, अमन कुमार, स्नेहा दीक्षित, मोहिनी गंगवार, आनंद विवेक, अजय कुमार सिंह, निखिल शर्मा शामिल हैं। हाईस्कूल के हर्षित यादव, संतोष गंगवार, दिव्य यादव, अतुल बाबू, स्नो, प्राची सिंह, नितिन गंगवार, विकास बाबू, हर्षिका गोविंद को भी सम्मानित किया गया। इन्हें 21-21 हजार रुपये के चेक, टैबलेट, मेडल व प्रशस्तिपत्र दिया गया। इस दौरान यूपी बोर्ड के क्षेत्रीय सचिव डॉ. नीरज कुमार पांडे, एडीएम प्रशासन दिनेश, बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय सिंह व अन्य उपस्थित रहे।
अमर उजाला ने किया सम्मानित
कार्यक्रम में अमर उजाला की ओर से भी मेधावियों को मेडल, प्रशस्तिपत्र व उपहार दिए गए। जिलाधिकारी व जनप्रतिनिधियों ने सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यों के लिए अमर उजाला की सराहना की। मेधावियों को बताया गया कि खुद को निरंतर समसामयिक मुद्दों से अपडेट रखें। इसके लिए अखबार से स्थानीय से लेकर देश-विदेश तक की महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की जा सकती है। संवाद