बरेली। वेलेंटाइन वीक शुरू हो चुका है। पहले दिन बुधवार को 20 लाख रुपये के गुलाब बिके। इस पूरे सप्ताह लोग अपने साथी को तोहफे देंगे। अगले छह-सात दिनों में टेडी बियर, चॉकलेट, गोल्ड-सिल्वर पेंडेंट, फ्रेम, स्मार्ट वाच, स्मार्टफोन आदि का चार करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान है।
कारोबारियों के मुताबिक रोज डे पर विभिन्न रंगों के गुलाब खूब बिके। 20 लाख रुपये का कारोबार होने का अनुमान है। प्रेमी जोड़े और नवविवाहित युगल बाजार में पहुंचने लगे हैं। बटलर प्लाजा, कुतुबखाना, सिविल लाइंस, डीडी पुरम, राजेंद्र नगर, मिनी बाइपस की दुकानों में चहल-पहल बढ़ गई है। चॉकलेट व गिफ्ट की दुकानें सजकर तैयार हैं। तरह-तरह के स्वाद व फ्लेवर के चॉकलेट दुकानों पर उपलब्ध हैं। शहर के रेस्टोरेंट ग्राहकों के इंतजार में हैं।
उप्र उद्योग व्यापार मंडल के प्रांतीय महामंत्री राजेंद्र गुप्ता के मुताबिक खास सप्ताह में दो करोड़ रुपये का सराफा कारोबार होगा। एक करोड़ रुपये के इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरणों की बिक्री होने का अनुमान है। चॉकलेट, टेडी बियर व अन्य उपहारों की बिक्री भी एक करोड़ रुपये तक पहुंचेगी।
बेस्ट फ्रेंड ट्रॉफी व स्मार्ट वॉच की धूम
टेडी बियर, कपल्स स्मार्ट वॉच सेट, बेस्ट फ्रेंड ट्रॉफी, फोटो फ्रेम बाजार में उपलब्ध हैं। इसके अलावा ज्वेलरी और एसेसरीज में रिंग, नेकलेस, पेंडेंट समेत हल्की ज्वेलरी के लिए भी ऑर्डर मिले हैं। वहीं, कुछ लोग अपने साथी को स्मार्टफोन भी भेंट कर सकते हैं।
मेसेज बॉटल, म्युजिकल कपल की मांग
बाजार में इस बार मेसेज बॉटल और म्युजिकल कपल सबसे खास हैं। राजेंद्र नगर के गिफ्ट शॉप संचालक मदन मोहन नागपाल ने बताया कि युवाओं को यह कारीगरी खूब लुभा रही है। रोज टॉवेल, हैंगिंग हार्ट, हार्ट शेप गुब्बारों की भी खूब मांग है। इधर, चॉकलेट डे पर साथी को दिल के आकार की चॉकलेट देने का चलन बढ़ा है। बेकरी संचालक के पास हार्ट शेप चॉकलेट और केक के ऑर्डर हैं।
आठ हजार रुपये से पेंडेंट की शुरुआतसराफा कारोबारी सुदेश के मुताबिक नाम के पहले अक्षर के पेंडेंट की मांग ज्यादा होती है, जो करीब आठ हजार रुपये से शुरू है। बाजार में कपल्स ग्लास शो पीस 500-2,000, कार्ड्स 50 से डेढ़ हजार, टेडी 249 से 6,999, बुके 150 से 700, जेंटस-लेडीज पर्स 250 से एक हजार, कपल मग 200 से 1600, फोटो फ्रेम 300 से पांच हजार रुपये तक उपलब्ध हैं।