बरेली। बारादरी थाना क्षेत्र की युवती ने एसएसपी से यौन उत्पीड़न के आरोपी और उसके परिजनों की गिरफ्तारी की मांग की। आरोप लगाया कि उत्तराखंड की मंत्री व भाजापा नेता का रिश्तेदार होने की वजह से आरोपी पर पुलिस हाथ नहीं डाल रही है।
युवती ने बताया कि वह बारादरी थाना क्षेत्र की निवासी है। उसकी बस्ती का एक युवक तीन साल से उसे शादी का झांसा देकर यौन उत्पीड़न कर रहा था। उसने दस मई को आरोपी व उसके परिजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तब से आज तक पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की। आरोप लगाया कि युवक के मामा जोगी नवादा इलाके के भाजपा नेता हैं, उत्तराखंड की एक मंत्री भी युवक की रिश्तेदार हैं। उन पर भी आरोपी को शरण देने का आरोप लगाया। युवती की शिकायत पर एसएसपी अनुराग आर्य ने बारादरी थाना प्रभारी से घटना में अब तक की कार्रवाई का अपडेट तलब किया। पता लगा कि युवती ने युवक की बजाय उसके पिता पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। पिता उम्रदराज हैं। जांच में दुष्कर्म के आरोपों की पुष्टि नहीं हुई। पुलिस ने अन्य धाराओं में चार्जशीट लगा दी है। उन धाराओं में गिरफ्तारी का प्रावधान नहीं है। ब्यूरो