बरेली। मीट फैक्टरी में भैंस बेचकर लौट रहे बिथरी थाने के परसौना गांव निवासी युवक की सोमवार रात मौत हो गई। शरारती तत्वों ने पुलिस पर गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगाकर बवाल काटा। पुलिस की बाइक तोड़ डाली। पुलिसवालों को दौड़ाकर पीटा। दरोगा ने रिवाल्वर निकालकर खुद को बचाया। एसएसपी व अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पोस्टमार्टम में सिर की चोट से मौत की पुष्टि हुई। शरीर पर एक्सीडेंट जैसी चोटें भी हैं।
परसौना निवासी पप्पू कुरैशी मीट फैक्टरी भैंस पहुंचाते हैं। उनका बेटा अरकान कुरैशी सोमवार रात एक बजे फैक्टरी से भुगतान लेकर लौट रहा था। कुछ लोगों ने देखा कि गांव के बाहर उसकी बाइक गिरी हुई थी और वह लहूलुहान हालत में पड़ा था। इस बीच भीड़ जुट गई। लोगों ने यहां पहुंचे सिपाहियों को पकड़कर पीट दिया। टीपी नगर चौकी के दरोगा धर्मेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे तो उन पर भी हमला कर दिया। किसी तरह रिवॉल्वर निकालकर वह लोगों से छूटकर भागे। बिथरी, कैंट समेत आसपास के थानों की पुलिस भी बुला ली गई।
देर रात एसएसपी प्रभाकर चौधरी, एसपी सिटी राहुल भाटी और सीओ थ्री आशीष प्रताप सिंह भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस घटना को आत्महत्या बता रही थी, वहीं भीड़ का आरोप था कि हत्या की गई है। लोगों को समझाकर शव सील करा दिया गया।
मंगलवार को शव का डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया। इसमें एक्सीडेंट जैसी चोटें मिलीं। कई जगह घिसटने व खाल छिलने के निशान थे। सिर में चोट से मौत की पुष्टि हुई। गोली जैसा कुछ नहीं मिला। देर रात तक कैंट थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई थी।
-
युवक की मौत की सूचना पर पहुंची पुलिस जांच कर रही थी कि कुछ असामाजिक तत्वों ने गोली मारकर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिसकर्मियों से मारपीट शुरू कर दी। शव के पोस्टमार्टम और जांच के आधार पर कार्रवाई होगी। अफवाह फैलाने वालों पर भी शिकंजा कसा जाएगा। - प्रभाकर चौधरी, एसएसपी