बरेली। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से हाईस्कूल की इंप्रूवमेंट, कंपार्टमेंट और इंटरमीडिएट की कंपार्टमेंट परीक्षाएं 20 जुलाई को कराई जाएंगी। जिले में हाईस्कूल के 625 और इंटरमीडिएट के 357 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
परीक्षा के लिए पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज को केंद्र बनाया गया है। प्रधानाचार्य ओम प्रकाश राय के अनुसार परीक्षा दो पालियों में होगी। हाईस्कूल के 625 परीक्षार्थी सुबह आठ से 11:15 बजे तक और इंटरमीडिएट के 357 विद्यार्थी दोपहर दो से शाम 5:15 बजे तक परीक्षा में शामिल होंगे। क्षेत्रीय सचिव डॉ. नीरज कुमार पांडे के अनुसार सबसे अधिक 1,090 विद्यार्थी बिजनौर में परीक्षा देंगे। वहीं, मुरादाबाद में 557, अमरोहा में 466, रामपुर में 495, संभल में 784, बदायूं में 815, शाहजहांपुर में 773, पीलीभीत में 495 परीक्षा में सम्मिलित होंगे। हाईस्कूल के कुल 3,789 और इंटरमीडिएट में 2,667 विद्यार्थी परीक्षा के लिए पंजीकृत हैं। विद्यार्थियों को किसी तरह का उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा समय से पूर्व केंद्र पर पहुंचना होगा। संवाद