गुरुवार शाम छह बजे एक ट्रक लखीमपुर के गोला स्थित एफसीआई गोदाम से गेहूं लादकर बीसलपुर रोड स्थित अनुपम राइस मिल के लिए जा रहा था। इसी दौरान असम हाइवे पर स्थित भाजपा कार्यालय के समीप पहुंचते ही ट्रक अनियंत्रित हो गया। ट्रक हाइवे किनारे आया तो वचहां खडे थाना सुनगढ़ी क्षेत्र के ग्राम बरहा निवासी 65 वर्षीय सूबेदार पुत्र हीरालाल और थाना बरखेड़ा क्षेत्र के ग्राम ईगरा निवासी 60 वर्षीय रामचंद्र को रौंद दिया। यही नहीं पास में ही खड़ी सूबेदार की पत्नी खेमवती को भी रौंद दिया।
तीनों को रौंदता हुआ ट्रक हाइवे किनारे खाई में जाकर पटल गया। ट्रक पलटते ही चालक मौके से भाग गया। हादसा को देखकर आसपास के काफी लोग बचाव के लिए मौके पर दौड पड़े। हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची सुनगढ़ी पुलिस ने ट्रक के नीचे दबे और घायल लोगों को देखा। सभी को जिला अस्पताल भिजवाया। जिला अस्पताल में जांच के दौरान चिकित्सकों ने खेमवती की हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया जबकि रामचंद्र और सूबेदार को मृत घोषित कर दिया।