नवाबगंज। तिगरी गांव के मोड़ के पास बुधवार को पिकअप की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। वह अपने गांव लौट रहे थे। हादसे के बाद पिकअप का चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लिया है।
क्योलड़िया थाना क्षेत्र के गांव नौगवां भगवंतपुर निवासी सुनील कुमार (19) अपने तहेरे भाई सुनील (23) के साथ शादी-समारोह में बैंड बजाने का कार्य करते थे। बुधवार को दोनों बाइक पर बैठकर क्योलड़िया से गांव लौट रहे थे। बाइक सुनील कुमार चला रहे थे। जैसे ही वह तिगरी गांव के मोड़ के पास पहुंचे, सामने से आ रही पिकअप ने उन्हें चपेट में ले लिया।
हेलमेट न पहना होने की वजह से दोनों के सिर में गंभीर चोट आई। घटनास्थल पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद वहां राहगीरों की भीड़ जुट गई। पिकअप का चालक फरार हो गया। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा भरके दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाए। जानकारी पर परिजन भी पहुंच गए।
दो मौतों से गांव में शोक
एक ही परिवार के दो युवकों की मौत से नौगवां भगवंतपुर गांव में शोक की लहर है। दोनों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि नवाबगंज के एक बरातघर में दोनों को शादी समारोह में जाना था। जरूरी सामान लेने के लिए वह क्योलड़िया गए थे।