बहेड़ी। फोरलेन सड़क पर परोही फाटक के पास रविवार रात तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस के मुताबिक, बाइक संख्या यूपी 25 बीयू 2973 पर सवार दो युवक बहेड़ी से किच्छा की ओर जा रहे थे। रास्ते में हादसा हुआ। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम हाउस पर भेजा है। सीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि बाइक और ट्रक को कब्जे में लिया है। ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। शवों की पहचान देवरनिया के गांव उदरा के हृदय नारायण और नवाबगंज के गांव बमनपुरी के लालता प्रसाद के रूप में हुई है। उनकी उम्र 35-40 साल रही होगी। दोनों रिश्ते में साढ़ू हैं।