अलीगंज। थाना क्षेत्र के गांव हाफिजगंज में बृहस्पतिवार को हुई बारिश में पूर्व प्रधान के निर्माणाधीन मकान की दीवार गिर गई। इससे उनकी पत्नी सहित दो लोगों की मौत हो गई। मौके पर पहुंचे एसडीएम नहने राम ने मृतकों के परिजनों को सांत्वना देते हुए चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता मुहैया कराने का आश्वासन दिया है।
गांव हाफिजगंज के पूर्व प्रधान के मकान का कई माह से निर्माण चल रहा है। इसकी चहारदीवारी बन चुकी है। बृहस्पतिवार दोपहर एक बजे पूर्व प्रधान रामदास की पत्नी रुकमा देवी (41) और परिवार के ही दयाराम (45) निर्माणाधीन दीवार के पास पड़ी चारपाई पर बैठकर आपस में बातें कर रहे थे। तभी दीवार उनके ऊपर गिर पड़ी। दीवार गिरने की आवाज सुनकर परिजन और मोहल्ले वाले पहुंचे। दोनों लोगों को बाहर निकालकर गंभीर हालत में इलाज के लिए अलीगंज लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सक ने रुकमा देवी को मृत घोषित कर दिया, जबकि बरेली ले जाते समय लालता प्रसाद ने भी दम तोड़ दिया। सूचना पर थानाध्यक्ष अजय कुमार शुक्ल मौके पर पहुंचे और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। संवाद