पीलीभीत। लॉकडाउन के बीच संगीन आरोपों में घिरते हुए विवादों में फंसे थाना प्रभारी जहानाबाद मनीराम सिंह और बिलसंडा थाना प्रभारी हरीशंकर वर्मा पर आखिरकार गाज गिर ही गई। वायरल वीडियो से हुई फजीहत पर सख्त रुख अपनाते हुए एसपी अभिषेक दीक्षित ने दोनों को निलंबित कर दिया है। दोनों की विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। इसके अलावा अन्य पुलिसकर्मियों को भी अनुशासन और लॉकडाउन के नियमों का पालन करने की सख्त चेतावनी दी गई है।
मंगलवार को दोनों थाना प्रभारियों के वीडियो वायरल होने के बाद से ही उन पर कार्रवाई की तय मानी जा रही थी। इंस्पेक्टर मनीराम सिंह का गोकशी को लेकर नगरपंचायत जहानाबाद की चेयरमैन ममता गुप्ता के पति से विवाद था। चेयरमैन पति दुर्गाचरन गुप्ता का आरोप था कि मनीराम सिंह गोमांस तस्करों से सांठगांठ कर गोकशी करा रहे हैं। इसी की रंजिश में सोमवार रात चेयरमैन के बाहर चेयरमैन समेत परिवार वालों से गाली गलौज का वीडियो सोशल साइट्स पर वायरल हुआ था। इसके बाद एक व्यापारी से तहरीर लेकर चेयरमैन समेत पूरे परिवार पर छेड़छाड़ और हमला करने की दर्ज रिपोर्ट को भी झूठा बताया गया था।
चेयरमैन ममता गुप्ता ने एएसपी को इंस्पेक्टर समेत अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ लूट की तहरीर दी थी। इधर, बिलसंडा थाना प्रभारी हरीशंकर वर्मा का लॉकडाउन के बीच थाने में दावत करने का वीडियो वायरल हुआ था। दावत शादी की 11 वीं सालगिरह को लेकर रविवार रात की गई थी। इसमें सामाजिक दूरी भी दरकिनार कर दी गई थी। हालांकि बाद में इंस्पेक्टर होमगार्ड, सिपाही, चौकीदार को सामान्य तौर पर भोजन कराने की बात कहकर बचाव कर रहे थे। इन दोनों मामलों में पुलिस की काफी फजीहत हुई। शासन स्तर से भी संज्ञान लिया गया। डीजीपी ने खुद दोनों मामलों में कार्रवाई करने के निर्देश दिए। फिर आधी रात के बाद एसपी ने दोनों को पहले लाइन हाजिर किया। दोनों के लाइन में आमद कराते हुए निलंबन की कार्रवाई कर दी गई। अब पुलिस लाइन में तैनात इंस्पेक्टर हरीशवर्धन सिंह को जहानाबाद और डीसीआरबी प्रभारी नरेश कश्यप को बिलसंडा थाने का प्रभारी बनाया है। एसपी की ओर से की गई कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मचा रहा।
- कठिन चुनौती के दौर में जहां पुलिस मेहनत लगन और त्याग की मिसाल पेश कर रही है, वहीं जहानाबाद और बिलसंडा प्रभारी के कुछ ऐसे वीडियो सामने आए, जिसमें छवि धूमिल हुई है। दोनों थाना प्रभारियों को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश किए हैं। अनुशासनहीनता और लॉकडाउन उल्लंघन बर्दाश्त नहीं होगा। - अभिषेक दीक्षित, एसपी