भमोरा। सेंधा गांव में गेहूं की फसल ट्रैक्टर-ट्रॉली से लेकर जाते समय ट्रॉली हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गई। हादसे में फसल जलकर राख हो गई। ट्रैक्टर पर बैठे लोगों ने कूदकर जान बचाई।
ब्लॉक आलमपुर जाफराबाद की ग्राम पंचायत सेंधा के मजरा मातिया दंडी निवासी सत्यवीर फौजी ने बताया कि गांव निवासी राजू के ट्रैक्टर-ट्रॉली में फसल लादकर ला रहे थे। रास्ते में एक जगह झूल रहे तारों की चपेट में आने से ट्रॉली में रखी फसल में आग लग गई। लपटें निकलती देख ट्रैक्टर पर बैठे लोग कूदकर भाग खड़े हुए।
गनीमत रही की ट्रैक्टर-ट्राॅली में करंट नहीं उतरा। ग्रामीणों ने किसी तरह से आग पर काबू पाया। पीड़ित ने बताया कि ट्रैक्टर पर पांच लोग बैठे हुए थे, करंट की चपेट में आने पर सभी की जिंदगी खतरे में पड़ सकती थी। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में जगह-जगह बिजली की लाइन लटक रहे हैं। दो साल पहले हुए हादसे में एक भैंस की मौत हो गई थी। कभी भी यहां गंभीर हादसा हो सकता है मगर, जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं।