हाफिजगंज (बरेली)। हरहरपुर मटकली मार्ग पर बीच बस्ती के पास घने कोहरे में ऊबड़-खाबड़ रास्ते पर अनियंत्रित होकर बाइक सीमेंट के बोरे से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे आ गई। हादसे में चाची और भतीजी की ट्रॉली के पहिये के नीचे कुचलकर मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा युवक बाल-बाल बच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को कब्जे में लेकर ट्रैक्टर चालक को हिरासत में ले लिया।
नरई नौवा नगला निवासी मोहन स्वरूप की पत्नी सुनीता (35) अपने मायके हरहरपुर मटकली आई हुई थीं। उन्हें सूचना मिली कि गांव गोसलपुर में उनके भांजे गोपाल शरण की खेत में आग लगने से झुलसकर मौत हो गई है। बुधवार को उसका अंतिम संस्कार होना है। इसमें शामिल होने के लिए सुनीता की जेठानी की बेटी प्रभा (26) भी आ गईं। दोनों अपने रिश्तेदार राजपाल के साथ बुधवार सुबह आठ बजे बाइक से अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए निकली थीं। हरहरपुर मटकली मार्ग पर बीच बस्ती के पास सामने से आ रही सीमेंट के कट्टे से भरी ट्रैक्टर-ट्राली से बचकर निकलने की कोशिश में बाइक असंतुलित होकर गिर गई। इससे चाची-भतीजी ट्रॉली के नीचे फंस गईं और पहिये से कुचकर दोनों की मौत हो गई, जबकि राजपाल दूसरी साइड में गिरने से घायल हो गया। सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह ने ट्रैक्टर-ट्राली कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया। सीओ नवाबगंज चमन सिंह चावड़ा ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है। आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है।
-
शव से लिपटकर रोए बच्चे
- परिजनों ने बताया कि सुनीता के दो बेटे व प्रभा की दो वर्षीय बेटी है। दोनों की मौत के बाद परिजन इन बच्चों को लेकर मौके पर पहुंचे। छोटे मां के शवों से लिपटकर रो रहे थे। यह मार्मिक दृश्य देखकर लोगों की आंखें भर आईं। एक ही परिवार में तीन लोगों की मौत से घरवाले और रिश्तेदार आहत थे।