बरेली। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भाजपा की ओर से आयोजित होने वाले हर घर तिरंगा मुहिम को सफल बनाने के लिए मंगलवार को सिविल लाइंस स्थित भाजपा कार्यालय पर पदाधिकारियों की बैठक हुई। मुख्य अतिथि व जिला प्रभारी चौधरी देवेंद्र सिंह मुख्य वक्ता रहे।
उन्होंने कहा कि तिरंगा भारतीयों के स्वाभिमान का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान के तहत 11, 12, 13 अगस्त तक युवा मोर्चा के नेतृत्व में प्रत्येक विधानसभा में तिरंगा यात्रा का आयोजन होगा। 12-14 अगस्त को महापुरुषों की प्रतिमा, स्मारकों पर स्वच्छता व माल्यार्पण किया जाएगा। वहीं, 13 से 15 अगस्त तक प्रत्येक घर पर तिरंगा लगाया जाएगा। जिलाध्यक्ष पवन शर्मा ने घर समेत व्यवसायिक प्रतिष्ठान, दुकानों पर भी तिरंगा लगाने की अपील शहरवासियों से की। जिला महामंत्री सोमपाल शर्मा ने भी विचार साझा किए।
इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, मीरगंज विधायक डॉ. डीसी वर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष पूरनलाल लोधी, निर्भय गुर्जर, वीरपाल गंगवार, मेघनाथ सिंह कठेरिया, नीरेंद्र सिंह राठौर, अंकित शुक्ला, जिला मीडिया प्रभारी अंकित माहेश्वरी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।