गोविंदापुर में शुरू नहीं हुआ सड़क निर्माण
शहर के वार्ड संख्या 73 बिधौलिया के गोविंदापुर में कई वर्ष से सड़क निर्माण कार्य अटका हुआ था। दिसंबर 2023 में मेयर ने इसका शिलान्यास किया था, लेकिन रेलवे की ओर से एनओसी न मिलने से इसका निर्माण अटक गया। करीब ढाई महीने बीत जाने के बाद भी अब तक निर्माण नहीं शुरू हो सका है। क्षेत्र के करीब पांच हजार लोगों का यहां से आना-जाना होता है। सीबीगंज से गौटिया और गोविंदापुर जाने का यह मुख्य मार्ग है।
सड़क पर एक जगह से रेलवे लाइन भी है। इसलिए निर्माण से पहले रेलवे की एनओसी मिलनी भी जरूरी है। पार्षद गुल बशर ने बताया कि रेलवे की जमीन सड़क के बीच में पड़ रही है, रेलवे के अनापत्ति मिलने के बाद ही निर्माण शुरू हो सकेगा। सहायक अभियंता नगर निगम सुभाष त्रिपाठी ने बताया कि रेलवे से एनओसी मांगी गई है। फोन पर भी रेलवे अफसरों से इस संबंध में बात हो गई है। उम्मीद है कि जल्द ही एनओसी मिल जाएगी तो निर्माण शुरू हो सकेगा।