बरेली। मुरादाबाद से रोजा के बीच स्पीड ट्रायल शुरू हो गया है। मार्च से इस रेलखंड में ट्रेनों के 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ने की उम्मीद है। रोजा से लखनऊ के बीच 164 किमी रेलखंड में भी इसी वर्ष ट्रैक की मरम्मत के काम शुरू हो जाएंगे।
उत्तर रेलवे की दिल्ली-लखनऊ मुख्य लाइन मुरादाबाद-बरेली-शाहजहांपुर होते हुए गुजरती है। इस रेलखंड पर सवारी गाड़ियों के साथ मालगाड़ियों का भी दबाव रहता है। लखनऊ-बरेली के बीच ट्रैक की मरम्मत के कुछ काम बाकी होने के कारण इस रेलखंड में ट्रेनों की औसत गति कुछ कम हो जाती है। रेलवे ने दिल्ली-मुरादाबाद के बीच ट्रैक मरम्मत के ज्यादातर काम पहले ही पूरे कर लिए थे। अब मुरादाबाद-रोजा रेलखंड में भी काम पूरा होने के बाद रेलवे ने स्पीड ट्रायल शुरू कर दिया है। रोजा-सीतापुर ब्रांच लाइन की औसत गति को पहले ही बढ़ाया जा चुका है।
दिल्ली-लखनऊ रेलखंड पर बरेली-शाहजहांपुर के बीच ट्रेनों का दबाव अधिक रहता है। मेन लाइन से बरेली कैंट में चंदौसी ब्रांच लाइन भी मिलती है। पूर्वोत्तर रेलवे की लालकुआं और कासगंज लाइनें भी बरेली में मिलती हैं। शाहजहांपुर में पीलीभीत-शाहजहांपुर और रोजा में सीतापुर-रोजा रेल लाइन इस मुख्य लाइन से मिलती है। मालगाड़ियों का दबाव कम करने के लिए इसी वर्ष रसुइया और बंथरा में लूप लाइनों का काम पूरा कर लिया गया है।
ट्रैक मरम्मत के काम तेजी से चल रहे हैं। शाहजहांपुर और रामपुर स्टेशनों पर काम चल रहा है। मुरादाबाद-रोजा के बीच स्पीड ट्रायल शुरू हो गए हैं। मार्च तक इस रेलखंड में ट्रेनों की औसत गति बढ़ जाएगी। - आयुष चतुर्वेदी, एडीईएन