बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजीव अग्रवाल की अध्यक्षता में क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (जेडआरयूसीसी) की बैठक में सदस्य राघवेंद्र सिंह राजू ने दो साल से बंद बरेली-इलाहाबाद पैसेंजर ट्रेन का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि इस ट्रेन के न चलने से छोटे स्टेशनों के यात्रियों को परेशानी हो रही है। लिहाजा इस ट्रेन को चलाया जाए। एक सदस्य ने मैलानी-पीलीभीत रेल लाइन का मुद्दा उठाया। बैठक में मंडुआडीह स्टेशन का नामकरण किसी महापुरुष के नाम पर करने की मांग की गई। अधिकारियों ने बताया कि मंडुआडीह का नाम बदलकर वाराणसी रखने का प्रस्ताव पहले से है। उन्होंने बताया कि महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में स्टेशनों, ट्रेनों, रेलवे कॉलोनियों में विशेष सफाई कराई जा रही है। एनई रेलवे के कोचों में 3200 बायो टायलेट लगाए जा चुके हैं।