डीसीएम ने यात्रियों को जूट के बैग बांटे
- फोटो : अमर उजाला, बरेली
बरेली। पॉलिथीन की थैली का बहिष्कार और प्रयोग न करने की सलाह देते हुए मुरादाबाद डिवीजन की डीसीएम (डिवीजनल कमर्शियल मैनेजर) रिचा शर्मा ने यात्रियों को जूट के बने बैग बांटे। उन्होंने पूछताछ आफिस में शौचालय बनाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पॉलिथीन पर्यावरण के लिए हानिकारक है। डीसीएम रिचा शर्मा दोपहर में हिमगिरि एक्सप्रेस से जंक्शन पहुंचीं। सफाई कर्मियों को दिशा निर्देश देने के बाद उन्होंने प्लेटफार्म एक से चार तक का निरीक्षण किया। वेंडरों और ठेकेदारों को स्वच्छता के प्रति जागरूकता लाने के लिए उन्होंने थर्माकोल और प्लास्टिक का प्रयोग नहीं करने के निर्देश दिए। सरकुलेटिंग एरिया में उन्होंने साइकिल स्टैंड के ठेकेदार को पठनीय स्थिति में रेट लिस्ट लगाने को कहा। निरीक्षण के दौरान स्टेशन अधीक्षक सत्यवीर सिंह, सीआईटी भावेश शर्मा आदि अधिकारी मौजूद रहे।