एसएसपी को सौंपेंगे ज्ञापन
उप्र व्यापारी सुरक्षा फोरम के पदाधिकारियों ने संजयनगर स्थित एक प्रतिष्ठान में बैठक की। महानगर अध्यक्ष रामकृष्ण शुक्ला ने बाजार में भय का माहौल बनाने वाले खुराफातियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि व्यापारी वर्ग समेत आम नागरिकों को काफी नुकसान का सामना करना पड़ता है। सोमवार को एकजुट होकर वे एसएसपी को ज्ञापन सौंपेंगे। यहां प्रमोद रघुवंशी, सतीश गुप्ता, राजीव कश्यप मौजूद रहे।
भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष विकास अग्रवाल के नेतृत्व में डीएम को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट राजीव शुक्ला को सौंपा गया। ज्ञापन में नफरत फैलाने और माहौल बिगाड़ने पर मौलाना तौकीर रजा और समर्थकों पर कार्रवाई की मांग की।
राष्ट्र जागरण उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने सुभाषनगर स्थित मार्केट में व्यापारियों के साथ बैठक की। सभी ने पीएम, सीएम के लिए अभद्र भाषा का प्रयोग करने, शहर और प्रदेश का माहौल बिगाड़ने वालों को तत्काल गिरफ्तार कर देशद्रोह का मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की। यहां महानगर अध्यक्ष विशाल मेहरोत्रा, संयोजक अमित भारद्वाज, जिलाध्यक्ष मनजीत सिंह नागपाल, अरेंदर सिंह व अन्य मौजूद रहे।
व्यापारियों की सुरक्षा के लिए उठाएं सख्त कदम
प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल समिति ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन कलक्ट्रेट कार्यालय में सौंपकर व्यापारियों को सुरक्षा मुहैया कराने के लिए सख्त कदम उठाए जाने की मांग की है। महामंत्री सुदेश अग्रवाल ने बताया कि ज्ञापन के जरिये शुक्रवार को कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर आभार जताया गया। प्रांंतीय महामंत्री पवन अरोड़ा, अध्यक्ष सतीश अग्रवाल, महानगर अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, सतीश मित्तल समेत अन्य मौजूद रहे।
कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
पंडित सुशील पाठक ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कहा है कि मौलाना तौकीर रजा समय-समय पर धर्म के नाम पर भीड़ एकत्र करते रहते हैं। इससे पहले भी बरेली में कर्फ्यू का दंश मौलाना की वजह से झेलना पड़ा था। मौलाना आए दिन प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और कानून व्यवस्था को लेकर अपशब्द कहते रहते हैं, लेकिन जिला प्रशासन भाजपा के एक बड़े नेता की वजह से उन पर कोई कार्रवाई नहीं करता। उन्होंने तौकीर के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।