बरेली। वाहन मालिक से किराये पर वाहन लेकर उसको कबाड़ कर दिया। वाहन का किराया भी नहीं दिया। वाहन स्वामी ने बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। भमोरा थाने के घिलौरा निवासी आर्येंद्र कुमार ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपना चार पहिया वाहन वंश इंटरप्राइजेज के मालिक छोटेलाल निवासी आनंदा पार्क सुपरसिटी को 16 हजार रुपये प्रतिमाह के किराये पर दिया था। शुरु में दो महीने छोटेलाल ने किराया दिया। इसके बाद टालमटोल करता रहा। छोटेलाल पर 1,65,000 रुपये किराया हो गया। आर्येंद्र 20 दिन पहले शहर आए तो उनका वाहन जर्जर हालत में डोहरा मोड़ पर दिखाई दिया। छोटेलाल से वह अपना वाहन मांगकर ले गए। पता लगा कि वाहन का सामान भी गायब कर दिया है। आर्येंद्र रुपये लेने छोटेलाल के घर गए तो उसकी पत्नी ने चेक दिया, जो बाउंस हो गया। आर्येंद्र दोबारा उसके घर गए तो छोटेलाल ने जान से मारने की धमकी दी। ब्यूरो