बरेली। एसआरएमएस रिद्धिमा में रविवार को मैं खूबसूरत हूं नाटक का मंचन हुआ। यशपाल की कहानी पर आधारित अख्तर अली के नाट्य आलेख पर रिद्धिमा प्रोडक्शन की ओर से प्रस्तुत नाटक का निर्देशन शैलेंद्र शर्मा ने किया।
नाटक की कहानी अस्पताल के एक कमरे से शुरू होती है। वहां सुगंधा नाम की एक लड़की का इलाज चल रहा था। सुगंधा जीना नहीं चाहती थी और डॉक्टर उसकी जिंदगी बचाने की हर संभव कोशिश कर रहे हैं। सुगंधा के साथ अस्पताल में उसके दूर के मामा भी हैं। जिस वार्ड में सुगंधा का इलाज चल रहा होता है, वहां उमंग नाम की एक अन्य मरीज को भी लाया जाता है। उमंग जिंदादिल है। उमंग को फोटोग्राफी का शौक है, वह सुगंधा की फोटो खींचता है। उमंग से मिलने के बाद सुगंधा के विचारों में भी परिवर्तन आता है और वह ठीक हो जाती है। एक दिन उमंग उससे अगले दिन मिलने का वादा करते चला जाता है, लेकिन नहीं आता।
इसके बाद सुगंधा मायूस हो जाती है और यहीं नाटक का समापन हो जाता है। नाटक में शाजिन ने सुगंधा, सूर्य प्रकाश ने उमंग, मोहसिन खान, गौतम गंगवार ने डॉक्टर, विशा और शिवानी ने नर्सों का किरदार निभाया। संगीत मंजीत ने दिया और प्रकाश संयोजन की जिम्मेदारी रविंद्र, जसवंत की रही। एसआरएमएस ट्रस्ट के सचिव आदित्य मूर्ति, आशा मूर्ति समेत सुभाष मेहरा, डॉ. प्रभाकर गुप्ता, डॉ. रीटा शर्मा मौजूद रहीं।