आंवला। पुलिस की गिरफत मे बाइक चोर-संवाद
आंवला। पुलिस ने मंगलवार को बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को दबोच लिया है। साथ ही पांच बाइकें भी बरामद की हैं, जबकि चौथा आरोपी फरार है। पुलिस ने बताया कि आरोपी शातिर चोर हैं। चोरी की बाइक पकड़ी न जाए। इसके लिए उनके द्वारा चेसिस नंबर और इंजन नंबर बदल दिया जाता था। आरोपी बाइकों की नंबर प्लेट बदल कर उनको राहगीरों को कम दामों में बेच भी दिया करते थे।
चौकी इंचार्ज मोहित चौधरी ने बताया कि पिछले कुछ समय से नगर क्षेत्र में सक्रिय वाहन चोरों के गिरोह की तलाश पुलिस कर रही थी। वहीं सीसीटीवी कैमरों और मुखबिर की मदद से रामनगर रोड पर एक खाली पड़े मकान से मोहल्ला गौसिया चौक निवासी रईस अहमद उर्फ घिररी व दानिश को चोरी की दो बाइकों के साथ पकड़ा। पूछताछ में दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने मनौना रोड स्थित एक बंद पड़े ईंट-भट्ठे से बेहटाजुनु गांव निवासी नेत्रपाल को तीन चोरी की बाइकों के साथ गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से दो फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद हुई है। बरामद बाइकों में नौ जुलाई को बरात घर के बाहर से चोरी हुई शिक्षक की बाइक भी शामिल है।
लालू यादव के साथ मिलकर इन जगहों से चोरी करते थे बाइक
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने एक अन्य साथी बझेड़ा गांव निवासी लालू यादव के साथ मिलकर बाइकों की चोरी करते हैं। भीड़भाड़ वाले इलाके, मंदिर, बरातघर, रोडवेज बस स्टाॅपेज, रेलवे स्टेशन आदि पर खड़ी बाइकों को निशाना बनाते हैं। पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों पर पहले भी चोरी के कई मामले दर्ज हैं और जेल भी जा चुके हैं। पुलिस चौथे आरोपी की तलाश में जुट गई है। संवाद