बरेली। बीएसए संजय सिंह ने शुक्रवार को प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दाैरान तीन शिक्षक अनुपस्थित मिले। विद्यार्थियों की संख्या भी कम मिली।
भोजीपुरा के चठिया जगन्नाथ प्राथमिक विद्यालय में निरीक्षण के दौरान सहायक अध्यापिका संगीता कुमारी 21 सितंबर से चार अक्तूबर तक बिना किसी सूचना के अनुपस्थित थीं। वहीं स्कूल में 38 छात्रों की जगह 22 विद्यार्थी थे। इस पर छात्रों की उपस्थिति बढ़ाने पर जोर दिया। वहीं रंगाई पुताई भी संतोषजनक नहीं पाई गई। स्मार्ट क्लास भी नहीं चल रही हैं, जो गंभीर स्थित है। उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारी भोजीपुरा को इन व्यवस्थाओं को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। इनके अलावा बहेड़ी के प्राथमिक विद्यालय हसनपुर, वार्ड नंबर एक प्राथमिक विद्यालय, प्राथमिक विद्यालय जाजूनगर में भी निरीक्षण किया गया है।
बहेड़ी के वार्ड एक उच्च प्राथमिक विद्यालय में बच्चे सुबह ही स्कूल से घर जा रहे थे। पूछने पर बताया कि शुक्रवार होने की वजह से जल्दी छुट्टी हो गई। इसके अलावा प्रधानाध्यापक जफर अहमद हस्ताक्षर के बाद अनुपस्थित मिले। सहायक अध्यापक मोहम्मद सुहेल बिना किसी सूचना के अनुपस्थित थे। प्रधानाध्यापक का एक दिन का वेतन तत्काल रोकने के निर्देश दिए हैं। वहीं 116 विद्यार्थियों में सिर्फ 15 छात्र/छात्राएं ही उपस्थित मिली। एमडीएम पंजिका में लाभार्थी बच्चों की संख्या 80 दर्शाई गई, जो जो संदिग्ध है। प्रधानाध्यापक से इस मामले में तीन दिन में जवाब तलब किया है। संवाद