बदायूं। डिपो से बिना परमिट तीन रोडवेज बसें उत्तराखंड तक भेजी जा रहीं हैं। कुछ समय पहले ही टनकपुर जा रही बिना परमिट बस का चालान हुआ था। इसके बाद भी इनके संचालन पर रोक नहीं लग सकी है।
बदायूं डिपो से टनकपुर जाने के लिए तीन अन्य बसें भी बिना परमिट के उत्तराखंड के लिए संचालित की जा रही है। विभाग की लापरवाही है कि दो साल से ऐसे ही डग्गामारी में रोडवेज की बसों को लंबे मार्ग पर भेजा जा रहा है। टनकपुर मार्ग पर चलने वाली रोडवेज बस का टैक्स ही जमा नहीं किया गया।
कई बार इसकी जानकारी क्षेत्रीय प्रबंधक परिवहन निगम बरेली ने मांगी, लेकिन सूचना नहीं दी गई। टनकपुर जाने वाली रोडवेज का रोड फैक्टर 80 से 90 फीसदी रहता है। अच्छी आय होने के बाद भी बस का टैक्स जमा न करना अधिकारियों की उदासीनता को दर्शाता है।
टनकपुर जाने वाली रोडवेज बस का टैक्स जमा करने के साथ ही परमिट कराने का काम कराया जा रहा है। परमिट मिलने के बाद बस का संचालन शुरू करा दिया जाएगा। अजय कुमार, एआरएम बदायूं।