शाहजहांपुर के चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला चौकसी में सराफा की दुकान पर नकली पायल बेचकर ठगी करने का प्रयास करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को दबोच लिया गया। उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया। इनमें दो महिलाएं हैं। पुलिस ने अंतरजनपदीय ठग गिरोह का खुलासा करते हुए नकली आभूषण, मोबाइल व 7800 रुपये बरामद किए हैं। गिरोह के सदस्यों ने कई स्थानों पर घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
बुधवार को दोपहर साढ़े तीन बजे मोहल्ला चौकसी निवासी महेंद्र वर्मा की दुकान पर दो महिलाएं व एक पुरुष पहुंचे। ठगों ने 11 जोड़ी चांदी की पायल, गले की चेन दिखाते हुए बेचने की इच्छा जाहिर की। सराफा व्यापारी महेंद्र ने तुरंत ही ज्वैलरी की पहचान करते हुए गिलट की होना बताया। ठगी का मामला सामने आने के बाद आसपास के व्यापारी इकट्ठा हो गए।
व्यापारी ठगों को लेकर थाने पर पहुंचे। महेंद्र की ओर से पुलिस ने मुजफ्फरनगर की कोतवाली के मोहल्ला लद्दानगर निवासी मोबिन, सहारनपुर के मोहल्ला नई बस्ती निवासी तबस्सुम और मुजफ्फरनगर के मिमराना रोड निवासी सानिया के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। एसपी सिटी सुधीर जायसवाल ने बताया कि गिरफ्तार की गई महिलाएं मोबिन की रिश्तेदार हैं। दोनों नकली जेवर देकर ठगी की घटना को अंजाम देने का प्रयास कर रहे थे।