बरेली। तीन सौ बेड अस्पताल की बिजली आपूर्ति दो दिनों से बेपटरी हो गई है। पांच-पांच घंटे बिजली कटौती की वजह से गंभीर मरीजों को दिक्कत हो रही है। मामला अधिकारियों तक पहुंचा तो बृहस्पतिवार को बिजली विभाग की तकनीकी टीम जांच के लिए अस्पताल पहुंची और समस्या का समाधान कराया।
अस्पताल के कर्मचारियों के मुताबिक पैथोलॉजी के सामने ही बिजली यूनिट बनी हुई है। बुधवार सुबह 11 बजे अचानक बिजली चली गई और पांच घंटे तक नहीं आई। बृहस्पतिवार को भी सुबह 11 बजे ही बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इस वजह से मरीजों के सीटी स्कैन नहीं हो पा रहे हैं। कई अन्य कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।
दो दिनों से सीटी स्कैन नहीं हो पाने की वजह से बृहस्पतिवार को मरीजों का गुस्सा फूटा तो इसकी शिकायत सीएमएस से की गई। फिर भी कोई हल नहीं निकला। इसके बाद मामला सीएमओ तक पहुंचा तो बृहस्पतिवार को ही अपराह्न दो बजे विद्युत निगम की टीम अस्पताल पहुंच गई। शाम पांच बजे बिजली आपूर्ति सुचारु हो सकी।
तीन सौ बेड अस्पताल में इससे पहले भी दो-तीन बार बिजली की समस्या आई थी। शिकायत पर विद्युत निगम की टीम आती है और खानापूर्ति कर चली जाती है। बाद में फिर पहले जैसा हाल हो जाता है। जानकारी के मुताबिक बिजली की समस्या से कई मरीज निजी अस्पतालों में चले गए।
दो दिनों से मरीज परेशान हैं। मरीजों के निजी सेंटर में जाकर जांच कराने की बात सामने आई है। शिकायत के बाद विद्युत निगम की टीम ने आपूर्ति सुचारु कराई है। इस तरह की समस्या कई बार आ चुकी है। - डॉ. विश्राम सिंह, सीएमओ